CG NEWS: रायपुर : रायपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक कारोबारी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है. खमतराई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 16 इंडियन गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 64 हजार रुपये बताई जा रही है।
CG NEWS: पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान संजय साव (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से किराना व्यवसायी है। सूचना मिली थी कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उन्हें अधिक दामों पर बेचने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
CG NEWS: जांच के दौरान जब पुलिस ने सिलेंडरों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी रावाभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर 1 में संतोष किराना स्टोर संचालित करता है।
CG NEWS: यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में नॉर्थ जोन के थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इस मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी देगी, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।











