रायगढ़ : घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा मार्ग पर बुधवार दोपहर शराब के लिए पैसे न देने पर दो युवकों ने जेसीबी चालक और उसके साथी के साथ मारपीट कर वाहन की चाबी छीनकर जेसीबी लेकर भाग गए। घटना के तुरंत बाद घरघोड़ा पुलिस हरकत में आई और महज 6 घंटे में आरोपियों को दबोचते हुए लूटी गई जेसीबी वाहन बरामद कर ली। इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।
Read News : BIG BREAKING : निशानेबाज़ के खबर का असर – सर्व आदिवासी समाज ने की थी हटाने की मांग , हटाए गए थाना प्रभारी
घटना का विवरण:
प्रार्थी सुनील निषाद, निवासी ग्राम पुछियापाली टाडापारा थाना खरसिया, जो वर्तमान में रायकेरा में किराये के मकान में रहकर कंस्ट्रक्शन कंपनी की जेसीबी चलाता है, ने बताया कि 3 सितंबर की दोपहर लगभग 2 बजे वह अपने साथी सूरज सिदार के साथ एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खदान जा रहा था। तभी ग्राम रायकेरा अटल चौक पर चक्रधर यादव और रोहित महंत ने जेसीबी को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर उन्होंने चालक और हेल्पर से मारपीट कर वाहन की चाबी छीनी और जेसीबी लेकर भाग निकले।
पुलिस कार्रवाई:
घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 231/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू की टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपियों चक्रधर यादव (26) और रोहित दास महंत (42) को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 11 लाख रुपये मूल्य का पीला जेसीबी वाहन मय चाबी बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
Read News : CG News : प्रदेश में पुलिसिंग को नई ताकत : दो सेवानिवृत्त IPS अफसरों को संविदा पर पुनः नियुक्ति
सफल कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन के साथ थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, एएसआई संजीवन वर्मा, आरक्षक उद्योराम पटेल, दिनेश सिदार और प्रदीप तिग्गा की अहम भूमिका रही।














