CG NEWS: कृष्णा नायक सुकमा/ सुकमा – हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दोरनापाल की पावन धरती एक बार फिर आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के रंगों में रंगने जा रही है। मां शीतला की पवित्र धरा पर आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित शीतला माता मेला इस बार 6 अप्रैल से 8 अप्रैल तक तीन दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर शीतला माता मेला आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक नगर के वरिष्ठ जनों और गांव के समाज प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।
CG NEWS: बैठक का माहौल न केवल औपचारिक था, बल्कि उसमें गांव की संस्कृति, परंपरा और श्रद्धा की गहरी झलक भी दिखाई दी। हर व्यक्ति के चेहरे पर इस मेले को सफल और यादगार बनाने का उत्साह साफ झलक रहा था। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी ने मिलकर जिम्मेदारियों का बंटवारा किया और आयोजन की रूपरेखा तय की।
CG NEWS: बैठक में सर्वसम्मति से मेला आयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष के रूप में अजय मंडावी को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में कारम मेडा, सचिव के रूप में माड़वी जोगा, सह सचिव के रूप में सुशांतो राय और कोषाध्यक्ष के रूप में रामसिंग यादव को चुना गया। इसके साथ ही समिति के संरक्षक के रूप में कोरसा सन्नू, सुखराम यादव, माड़वी देवा, पुनेम दुला, माड़वी गणेश और सोनू राम यादव को महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई। कार्यकारणी सदस्यों को भी चुना गया और वही इस वर्ष पत्रकारों को भी इस समिति में मीडिया प्रभारी सदस्य के रूप में चुना गया जिसमें मुख्य रूप से राजा राठौर, शिवा यादव,अनवर हुसैन,नवीन कश्यप,कृष्णा नायक,नीरज भदौरिया,संजय नायक, शेखर राय, पुरन साहू,अमन, रौशन चौहान,आदर्श शुक्ला,नाजिम शामिल है.
CG NEWS: मां शीतला मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह दोरनापाल और आसपास के गांवों की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी है। इस मेले में जहां एक ओर श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं, वहीं दूसरी ओर यह आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का भी कार्य करता है। दूर-दूर से आने वाले लोग यहां अपने रिश्तों को मजबूत करते हैं और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।
CG NEWS: तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक खेलकूद और स्थानीय कला-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि यह मेला नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सकारात्मक माहौल और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। जहां कभी डर और असुरक्षा का माहौल था, वहीं अब ऐसे आयोजन उम्मीद और विश्वास की नई किरण बनकर उभर रहे हैं।
CG NEWS: बैठक में उपस्थित वरिष्ठ जनों और समाज प्रमुखों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी पहचान और परंपरा का हिस्सा है, जिसे हम सभी को मिलकर आगे बढ़ाना है।
CG NEWS: दोरनापाल में लगने वाला मां शीतला मेला एक बार फिर यह साबित करने जा रहा है कि आस्था और एकता की ताकत हर परिस्थिति में समाज को जोड़ने का कार्य करती है। अब सभी की निगाहें 6 अप्रैल पर टिकी हैं, जब मां शीतला के आशीर्वाद के साथ यह भव्य आयोजन शुरू होगा और पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग देगा।











