CG Crime News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के टोनाटार गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 50 वर्षीय रोहनी बंजारे का शव उनके ही घर में बिस्तर पर पड़ा मिला। महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि कमरे की दीवारों और जमीन पर खून के छींटे दिखाई दिए। घटना के बाद से मृतका का पति लखन बंजारे लापता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
CG Crime News: घर के अंदर बिस्तर पर पड़ा मिला शव
मामला भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रोहनी बंजारे अपने पति लखन बंजारे के साथ टोनाटार गांव में रहती थीं। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा। वहां रोहनी का शव बिस्तर पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
शरीर पर चोट के निशान, धारदार हथियार से हमले की आशंका
CG Crime News: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान महिला के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरी चोट के निशान मिले। कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के छींटे पाए गए। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
CG Crime News: पति के लापता होने से गहराया संदेह
CG Crime News: महिला की मौत के बाद से उसका पति लखन बंजारे लापता बताया जा रहा है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और न ही किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


