CG ACCIDENT : रायपुर : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बिलासपुर, कोरबा, बालोद और लोरमी में हुए इन हादसों में एक स्कूली छात्र समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
CG ACCIDENT : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे एक 12 वर्षीय छात्र जयवंत पटेल की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
CG ACCIDENT : वहीं कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कोयले से भरे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे वाहन के नीचे दब गए। मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की।
बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के पास तीन वाहनों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पीछे आ रही इनोवा और आयरन ओर से भरी गाड़ी आपस में भिड़ गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और मामला दर्ज किया।
CG ACCIDENT : इसी तरह लोरमी में तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इन लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











