CG Accident News: रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक समेत कुछ अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब महिलाओं की टोली मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना दर्री थाना क्षेत्र की है।
गोपालपुर मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे महिलाओं की टोली पारंपरिक वाद्य यंत्र मादर-ढोल लेकर जसगीत गाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान बुलेट क्रमांक CG 12 AR 8993 का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में दो महिलाओं ने तोड़ा दम
दुर्घटना में कई महिलाएं और बाइक चालक घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
मृत महिलाओं की पहचान ब्रिंदा बाई महंत और शकुंतला बाई महंत के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थीं। वहीं, बाइक चालक राहुल का अस्पताल में इलाज जारी है।
CG Accident News: गांव में शोक, पुलिस की जांच जारी
CG Accident News: हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद गांव में चल रहा जसगीत कार्यक्रम भी बंद करा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।