नासिक, महाराष्ट्र : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नासिक में दो अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है। ये कॉल सेंटर स्वगन बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित हो रहे थे। इस कार्रवाई में दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि आरोपी बीमा एजेंट और सरकारी अधिकारी बनकर ब्रिटेन के नागरिकों को धोखा दे रहे थे।
जांच में पता चला कि इन कॉल सेंटरों में लगभग 60 लोग काम कर रहे थे। वे VOIP, फर्जी नंबर और जाली दस्तावेज का इस्तेमाल करके लोगों की व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी चुराते थे। इसके बाद उन्हें अवास्तविक बीमा पॉलिसी बेचकर धन हड़पते थे।
Read News : Trump Foreign Policy : ट्रंप की विदेश नीति में बदलाव : भारत पर रोक के बाद चीन और रूस को बनाया बड़ा लक्ष्य
सीबीआई ने नासिक और कल्याण (ठाणे) में कई जगह तलाशी ली। तलाशी में पीड़ितों का डेटा, फर्जी बीमा पॉलिसी स्क्रिप्ट, आठ मोबाइल, आठ कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर और ₹5 लाख नकद बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम विभिन्न बैंकिंग चैनलों के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी।
दो आरोपियों को 13 सितंबर को गिरफ्तार कर ठाणे स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
Read News : CG News : पति से परेशान महिला ने थाने में खुद को आग लगाई, चार दिन बाद अस्पताल में मौत
इससे पहले 10 सितंबर को नासिक के इगतपुरी में एक और फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ था। इस कार्रवाई में पांच आरोपी पकड़े गए थे, जिनके पास से 44 लैपटॉप, 71 मोबाइल, सोना, लग्जरी कारें और भारी नकदी बरामद हुई थी। आरोपी अमेरिका, कनाडा और अन्य देशों के नागरिकों को गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए धोखा दे रहे थे।













