Friday, February 20, 2026
29.1 C
Raipur

M.P News : बुरहानपुर में दो दिन में उखड़ी 50 लाख की सड़क, ग्रामीणों का हंगामा

 
निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र की मांडवा ग्राम पंचायत में बनी नई डामरी सड़क निर्माण के महज दो दिन बाद ही उखड़ने लगी। करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सड़क को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने इसे “भ्रष्टाचार की सड़क” बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

 मांडवा-असीर मार्ग का मामला

जानकारी के अनुसार मांडवा-असीर मार्ग पर लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाई जा रही है। लेकिन निर्माण के तुरंत बाद ही सड़क की डामर परत जगह-जगह से उखड़ने लगी, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

 ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों और युवाओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया। मास्टर रावत सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि यदि 50 लाख की सड़क दो दिन में खराब हो जाए, तो यह साफ तौर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार का संकेत है। पूर्व सरपंच उमेश ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के बाद गांव की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। चेतावनी दी गई है कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।

 कंपनी ने दिया मरम्मत का आश्वासन

मौके पर पहुंचे निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर विनय फूलमाली (श्री मारुति कंस्ट्रक्शन, खंडवा) ने निरीक्षण के बाद कहा कि जहां-जहां समस्या सामने आई है, वहां इमल्शन डालकर मरम्मत की जाएगी।

Read More : M.P News : आज से विश्वधरोहर खजुराहो में 52वां अंतर्राष्ट्रीय नृत्य समारोह, ‘नटराज’ थीम पर सजेगा डांस फेस्टिवल

 प्रशासन ने शुरू की जांच

नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने बताया कि सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही है। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। जांच के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल मांडवा की यह सड़क ग्रामीणों के लिए विकास की बजाय सवाल बन गई है। अब नजर इस बात पर है कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Share The News

Unable to load videos.

Popular News

Related Articles

Popular Categories

This will close in 0 seconds