Breaking News : नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब हांगकांग से आई एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 315 की सहायक विद्युत इकाई (APU) में लैंडिंग के तुरंत बाद आग लग गई। सौभाग्य से, विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित उतर गए।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि घटना उस समय हुई जब विमान लैंड कर चुका था और यात्री उतरने की प्रक्रिया में थे। एपीयू में आग लगने की वजह से विमान को कुछ क्षति हुई है, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि यात्री और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, और इस घटना के बाद विमान को तुरंत जांच के लिए ग्राउंड किया गया है। विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए (DGCA) को घटना की जानकारी दे दी गई है, और विशेषज्ञों की टीमें जांच में जुटी हैं।
खास बात यह है कि यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब एयर इंडिया ने खुद ही एक दिन पहले बयान जारी कर कहा था कि उसने अपने बोइंग 787 और 737 विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग सिस्टम की एहतियाती जांच पूरी कर ली है। इससे पहले डीजीसीए ने निर्देश दिया था कि एयर इंडिया 21 जुलाई तक अपने सभी विमानों की आवश्यक जांच करे, खासतौर पर फ्यूल सिस्टम से जुड़े उपकरणों की।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की एक पुरानी रिपोर्ट में यह भी सामने आया था कि पिछले एक हादसे में फ्यूल स्विच बंद किए जाने के कारण स्थिति बनी थी, जिसके बाद यह निरीक्षण अभियान शुरू हुआ था।
फिलहाल, एयर इंडिया और डीजीसीए दोनों इस हादसे की विस्तृत जांच कर रहे हैं और सभी संभावित तकनीकी खामियों की समीक्षा की जा रही है।













