Sunday, August 16, 2026
Home Madhya Pradesh Jabalpur BJP Leader Extortion : अपनों के राज में सुरक्षित नहीं बीजेपी नेता:...

BJP Leader Extortion : अपनों के राज में सुरक्षित नहीं बीजेपी नेता: हथियारबंद बदमाशों ने दवा दुकान में मचाया तांडव, CCTV में कैद हुई करतूत

BJP Leader Extortion : जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी भी उनके निशाने पर हैं। ताजा मामला कैंट थाना अंतर्गत पेंटिनका इलाके का है, जहाँ भाजपा के बूथ अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री आशीष काटकर को उनकी ही दवा दुकान में घुसकर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और हर महीने 50 हजार रुपये की फिरौती (मंथली) मांगी।

दुकान चलाना है तो देने होंगे पैसे पीड़ित आशीष काटकर इलाके में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि इलाके के कुख्यात बदमाश चिंटू रजक और रोशन ठाकुर अपने साथियों के साथ दुकान में दाखिल हुए। आरोपियों ने आशीष को धमकाते हुए कहा कि यदि उन्हें यहाँ शांति से दुकान चलानी है, तो हर महीने 50 हजार रुपये पहुँचाने होंगे। इस दौरान बदमाशों ने अवैध हथियार दिखाकर उन्हें और उनके स्टाफ को आतंकित किया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात बदमाशों की यह गुंडागर्दी दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी हथियारों के साथ धमकाते नजर आ रहे हैं। पीड़ित बीजेपी नेता ने इस फुटेज के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि राजनीतिक रसूख और शिकायत के बावजूद पुलिस अब तक ठोस कार्रवाई करने से बच रही है।

बीजेपी नेता ही नहीं हैं सुरक्षित? इस घटना के बाद शहर के व्यापारिक संगठनों और स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। चर्चा का विषय यह है कि जब सत्ताधारी दल के बूथ अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री स्तर के नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता और व्यापारियों का क्या होगा?

पीड़ित आशीष काटकर ने वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here