रायपुर। रायपुर की एक निजी स्टील फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम चलाते समय हैवी मशीन का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इस हादसे में 6 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को पंडरी स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसा धरसींवा थाना क्षेत्र में हुआ।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मरने वालों और घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन ने भी हादसे की पुष्टि की है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा फैक्ट्री सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।











