भोपाल: राजधानी भोपाल के VIP रोड और एयरपोर्ट रोड पर कुछ कार सवार युवकों द्वारा किए गए हुड़दंग और खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि कई गाड़ियां बीच सड़क पर रोककर युवकों ने जमकर उत्पात मचाया और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी की।
बीच सड़क पर कब्जे जैसा माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने अपनी गाड़ियों को सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कुछ देर के लिए सड़क पर ऐसा माहौल बन गया मानो रास्ता आम जनता के लिए बंद कर दिया गया हो। इस दौरान राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानलेवा स्टंट से बढ़ा हादसे का खतरा
वायरल वीडियो में गाड़ियां तेज रफ्तार में लहराती दिखाई दे रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी रही। बताया जा रहा है कि युवकों ने हवा में रसूख दिखाने के लिए यह खतरनाक प्रदर्शन किया, लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी और दूसरों की जान की परवाह नहीं की।
Read More : M.P News : 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन भोपाल में 7 छात्र नकल करते पकड़े गए, व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल, कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में कड़ी नाराजगी देखने को मिल रही है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और VIP रोड पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
राजधानी की प्रमुख सड़कों पर इस तरह का हुड़दंग कानून व्यवस्था और ट्रैफिक सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कदम उठाती है।













