भोपाल में सड़क धंसी: 5 फीट चौड़ा, 15 फीट लंबा गड्ढा बना मौत का जाल

Rahul Goshwami

भोपाल: राजधानी भोपाल में एक बार फिर जर्जर सड़कों और लापरवाह सिस्टम की तस्वीर सामने आई है। खामखेड़ा इलाके में सड़क पर बनी एक पुलिया अचानक धंस गई, जिससे करीब 5 फीट चौड़ा और 15 फीट लंबा गड्ढा बन गया। यह गड्ढा किसी भी वक्त बड़े हादसे की वजह बन सकता था, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने सतर्कता दिखाई।

बारिश में धंसी पुलिया, अब बन गई जानलेवा

जानकारी के अनुसार, खामखेड़ा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई थी। इसी सड़क पर मौजूद पुलिया का आधा हिस्सा बारिश के दौरान एक तरफ से धंस गया। बारिश थमने के बाद भी पुलिया की मरम्मत नहीं की गई और धीरे-धीरे यह गड्ढा और गहरा होता चला गया।

तीन महीने से बना था खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन महीने से पुलिया में गहरा गड्ढा मौजूद है, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रोजाना इस रास्ते से दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ था।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष के सामने हुआ हादसा

ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहनसिंह जाट स्वयं मौके पर पुलिया की स्थिति देखने पहुंचे। इसी दौरान एक बाइक सवार अचानक गड्ढे में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे पहले एक मैजिक वाहन भी इसी गड्ढे में फंसते-फंसते बचा था।मोहनसिंह जाट ने क्षतिग्रस्त पुलिया का वीडियो बनाकर प्रशासन की लापरवाही उजागर की, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Read More : इंदौर में युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने और जबरन कार में बिठाने की कोशिश वीडियो वायरल

जिला पंचायत बैठक में उठा मुद्दा

इस गंभीर मामले को जिला पंचायत की बैठक में भी उठाया गया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पुलिया क्षतिग्रस्त है और जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आश्वासन पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन ज़मीन पर काम नहीं हुआ।

बड़ा सवाल—जिम्मेदार कौन?

बार-बार हो रहे सड़क धंसने और पुलिया क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।

फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि पुलिया को तुरंत बंद कर वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *