भोपाल : भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया। विधानसभा भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान और उससे जुड़ी पूरी कार्ययोजना तैयार है।
आसपास के जिलों को जोड़कर बनेगा महानगर
विधायक शर्मा ने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इस संबंध में विस्तृत जानकारी दे चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे महानगरों के विकास की व्यापक योजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि भोपाल और इंदौर को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मास्टर प्लान में मंडीदीप, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ और रायसेन जैसे आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल कर संतुलित विकास का खाका तैयार किया गया है।
उद्योग, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सरकार भोपाल को एक ऐसे महानगर के रूप में विकसित करना चाहती है, जहां चारों दिशाओं में उद्योग स्थापित हों, पर्याप्त रोजगार के अवसर मिलें और मेडिकल व एजुकेशन हब के रूप में पहचान बने।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर में आने वाले नागरिकों को मेट्रो सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुलभ हों, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
Read More : ग्वालियर: मॉडल टाउन में महिला से विवाद के बाद मारपीट, छेड़छाड़ और चेन लूट का आरोप
‘लव जिहाद’ मामलों में सख्ती की मांग
विधायक शर्मा ने ‘लव जिहाद’ की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जमानत न मिले और सख्त दंड सुनिश्चित किया जाए।
भोपाल के मास्टर प्लान और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर दिए गए इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।











