भोपाल में अपराध के तीन बड़े मामले उजागर! हथियार तस्करी, नीलगाय शिकार और मारपीट से सनसनी…

Rahul Goshwami

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और आसपास के इलाकों में पुलिस और वन विभाग ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से जुड़े कई मामलों का खुलासा किया है. एक तरफ भोपाल क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर बीनागंज जंगल में नीलगाय का शिकार करने वाले 5 लोगों को पकड़ा गया. इसके अलावा अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में फैक्ट्री संचालक चाचा-भतीजे के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग का मामला भी सामने आया है.

हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने बड़वानी के सिकलीगर नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को पकड़ते हुए पिस्टल और कारतूस बरामद किए. इस मामले में सरगना समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

जांच में सामने आया कि यह गिरोह भोपाल सहित कई जिलों में अवैध हथियार सप्लाई कर रहा था. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है.
Read more : M.P News : बुरहानपुर में गर्मी बनी आफत! आगजनी में 40 एकड़ फसल जलकर राख

बीनागंज जंगल में नीलगाय शिकार का पर्दाफाश

मध्य प्रदेश के बीनागंज जंगल में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीलगाय का शिकार करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है. वन विभाग की टीम ने भोपाल से पहुंचे 5 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा.मौके से 315 बोर राइफल, 7 जिंदा कारतूस, 2 खाली खोखे, धारदार हथियार और नीलगाय का मांस बरामद किया गया. वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम 1927 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया है.

फैक्ट्री संचालक चाचा-भतीजे के साथ मारपीट

भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में फैक्ट्री संचालक चाचा-भतीजे के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गोपाल पाटील के लोगों ने उन पर हमला किया.बताया जा रहा है कि ग्वालियर से आए चाचा के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि भतीजे के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई. आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया.घायल दोनों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

बढ़ते अपराध पर सख्त कार्रवाई

लगातार सामने आ रहे अपराधों के बीच पुलिस और वन विभाग ने साफ किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *