Barwani News : बड़वानी : बड़वानी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बसंत पंचमी के अवसर पर 200 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। यह आयोजन शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल और भाजपा मंत्री जितेंद्र निकुम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 200 कन्याओं का विवाह हुआ।
Barwani News : इनमें जनपद पंचायत निवाली से 21, नगर पालिका निवाली बुजुर्ग से 02, जनपद पंचायत पानसेमल से 16, जनपद पंचायत सेंधवा से 45, नगर पालिका सेंधवा से 4, जनपद पंचायत राजपुर से 24, नगर पालिका बड़वानी से 3, जनपद पंचायत पाटी से 30, जनपद पंचायत बड़वानी से 53, नगर पालिका अंजड़ से 1 और नगर पालिका राजपुर से 1 कन्या शामिल थीं। जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बेटियों के अभिभावक कर्ज से मुक्त हुए हैं।
Barwani News : उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस योजना की शुरुआत करने के लिए धन्यवाद दिया। पटेल ने बताया कि यह योजना बेटियों की शादी का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन कर माता-पिता को आर्थिक चिंता से मुक्त करती है। भाजपा जिला मंत्री जितेंद्र निकुम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने लाडली लक्ष्मी योजना, स्कूल में निःशुल्क गणवेश, साइकिल, पाठ्य पुस्तक, लाड़ली बहना योजना, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना जैसी पहलों का जिक्र किया।













