Bargi Dam Cruise Accident Update : बरगी डैम क्रूज हादसा: 40 घंटे बाद कैप्टन महेश पटेल का सरेंडर; पुलिस और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम कर रही पूछताछ

Rahul Goshwami

Bargi Dam Cruise Accident Update : जबलपुर : जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद फरार चल रहे क्रूज कैप्टन महेश पटेल ने आखिरकार सरेंडर कर दिया है। हादसे के करीब 40 घंटे बाद वह सामने आया, जिसके बाद हिरासत में लेकर महेश पटेल से मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग (MPT) और पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

कैप्टन ने मांगी माफी

पूछताछ के दौरान क्रूज कैप्टन महेश पटेल ने हादसे को लेकर माफी मांगी। उसने बताया कि उसे खराब मौसम और तेज हवाओं की पूर्व जानकारी नहीं थी।महेश पटेल ने कहा कि हालात अचानक बिगड़ गए थे, जिसके कारण क्रूज अनियंत्रित हो गया।

2006 से चला रहा था क्रूज

जानकारी के अनुसार महेश पटेल वर्ष 2006 से क्रूज संचालन कर रहा था। उसे वर्ष 2012 में आधिकारिक लाइसेंस मिला था।हादसे के बाद से वह लगातार गायब था, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब सरेंडर के बाद उससे हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

अब भी 4 लोग लापता

बरगी डैम हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।SDRF और NDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हालांकि तेज हवाओं और गहरे पानी की वजह से रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।

हादसे के बाद बढ़ी सख्ती

इस हादसे के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है। सरकार ने सुरक्षा मानकों और फिटनेस जांच के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति देने की बात कही है।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

प्रशासन अब हादसे की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे की असली वजह क्या थी और सुरक्षा नियमों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *