राजनांदगांव। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग को ज्ञापन सौंपते हुए शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। संगठन ने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव में जगह-जगह पर शराब, गांजा, सुलेशन और टेन गोली जैसे नशे आसानी से मिल रहे हैं। इससे युवाओं में आपराधिक प्रवृत्ति बढ़ रही है और आए दिन चाकूबाजी व मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रतिनिधियों ने मांग की कि नशे के व्यापार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो।
संगठन ने आगामी गरबा उत्सव को लेकर भी पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया कि गरबा माता की आराधना का पर्व है, इसलिए इसे पूर्ण रूप से धार्मिक और पारंपरिक स्वरूप में ही मनाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग रखी कि आयोजन स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को टीका, कलावा और गंगाजल छिड़काव अनिवार्य हो, ताकि शुद्ध और भक्तिमय वातावरण निर्मित हो। साथ ही, गरबा में केवल भक्ति और देशभक्ति गीत बजाए जाएं तथा कार्यक्रम रात्रि 11:30 बजे तक ही सीमित हो।
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि संस्कृति से छेड़छाड़ हुई या अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो समाज में असंतोष फैल सकता है। इसलिए पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि वह पूरी तरह से सतर्क रहकर कार्यक्रमों में व्यवस्था बनाए रखे।
इस अवसर पर प्रांत सहमंत्री नंदूराम साहू, विभाग मंत्री अनूप श्रीवास, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्निहोत्री, जिला मंत्री त्रिगुण सादानी, बजरंग दल जिला संयोजक राहुल बल्देवदेव मिश्रा, सामाजिक समरसता प्रमुख बाबा जी बौद्ध और नगर अध्यक्ष शिव वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि गरबा उत्सव पारंपरिक परिवेश और शांति-व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाएगा तथा किसी भी अराजक तत्व पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











