Baliram Nayak Sukma : कृष्णा नायक सुकमा/सुकमा/महाराष्ट्र। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। जिले के नगर पंचायत दोरनापाल के प्रतिनिधि बलीराम नायक को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए महाराष्ट्र के सुप्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र पोहरादेवी में ‘संत श्री रामराव महाराज गोर बंजारा रत्न पुरस्कार’ से नवाजा गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त बाबूलाल बंजारा के हाथों एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
पोहरादेवी में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से बंजारा समाज के प्रमुख संत-महात्मा, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि जुटे थे। समारोह में ओडिशा के मलकानगिरी से जगतानंद पम्मार, बिनय नायक, जासु नायक, दंतेवाड़ा से नंदलाल नायक, सुकमा से शंकर नायक और आंध्र प्रदेश से रामलु नायक जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बलीराम नायक के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोरनापाल और वनांचल क्षेत्रों में उनके द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक और सामाजिक प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे।
सम्मान ग्रहण करने के पश्चात बलीराम नायक ने आयोजन समिति और बंजारा समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि समाज की बेहतरी के लिए और अधिक ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संकल्प है। इस उपलब्धि पर सुकमा जिले और दोरनापाल क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।













