Bacheli NMDC Security Scam: फकरे आलम खान/बचेली (दंतेवाड़ा): एनएमडीसी बचेली में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली सीडीओ सिक्योरिटी एंड पब्लिक हेल्पलाइन सर्विस भिलाई में 3 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसडीएम से हुई शिकायत और मीडिया में खबरें आने के बाद मंगलवार को कंपनी के चेयरमैन अंजिनी द्विवेदी बचेली पहुंचे, जहां उनके और पीड़ित गार्डों के सामने ही मैनेजर और सुपरवाइजरों ने करोड़ों की हेराफेरी और फर्जीवाड़े की बात स्वीकार कर ली।
फर्जी नामों का सहारा और करोड़ों की लूट: खुलासे में सामने आया है कि पिछले 3 वर्षों से कंपनी के मैनेजर रंजीत प्रसाद और सुपरवाइजरों ने मिलकर लगभग 30 फर्जी नामों से निरंतर वेतन निकाला। ड्यूटी में हेरफेर कर हर महीने लाखों रुपये की चोरी की गई। गबन का यह पैसा एनएमडीसी कर्मचारियों के अंशदान और सुरक्षा मद की राशि थी।
कार्रवाई के नाम पर लीपापोती? हैरानी की बात यह है कि चेयरमैन अंजिनी द्विवेदी के सामने गबन की बात स्पष्ट होने के बावजूद, उन्होंने दोषियों पर तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के बजाय केवल उन्हें पद से हटाया और पुनः जांच की बात कही। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या दोषियों को बचाने के लिए कंपनी अथॉरिटी और प्रबंधन की मिलीभगत है?
सुरक्षा भगवान भरोसे, आरोपी फरार: बुधवार से इस कंपनी की सेवा अवधि (Contract) समाप्त हो चुकी है। अनुबंध खत्म होते ही कंपनी के मालिक और गबन करने वाले कर्मचारी क्षेत्र से नदारद हो गए हैं। वर्तमान में एनएमडीसी के वे तमाम संवेदनशील इलाके जहां सुरक्षा गार्ड तैनात होने चाहिए थे, वे खाली पड़े हैं। अब सवाल यह है कि सुरक्षा के नाम पर करोड़ों की बंदरबांट करने वालों पर कानूनी शिकंजा कब कसेगा?











