Bacheli News: युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण : विधायक अटामी

Sanjay Sahu
Bacheli News

Bacheli News: फकरे आलम खान/दंतेवाड़ा – बचेली। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संवैधानिक मूल्यों एवं नीति निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त निकाय ‘माय भारत’ के तत्वावधान में पीजी कन्या महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए तार्किक क्षमता, वैचारिक स्पष्टता एवं नेतृत्व कौशल का परिचय दिया।

कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय नीतियों को समझने का बेहतर मंच प्रदान करती है। ‘एक देश, एक चुनाव’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर युवाओं का विचार-विमर्श करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं रचनात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

Bacheli News: इसके साथ ही अन्य अतिथियों ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श करने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं।प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विचारों, तर्कों एवं प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया गया। इसमें कृषा ने प्रथम, नंदनी दीक्षित ने द्वितीय तथा प्रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद में दंतेवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

Bacheli News: इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर चंचल पैकरा, अमित भारद्वाज, एनएमडीसी पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य महेश ठाकुर, पीजी कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विवेक शर्मा एवं सहायक प्राध्यापक अर्चना झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडे ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *