नई दिल्ली। Volkswagen Discontinues Tiguan R-Line: जर्मन कार निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन (Volkswagen) ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी फ्लैगशिप एसयूवी टिगुआन आर-लाइन (Volkswagen Tiguan R-Line) को बंद करने का बड़ा फैसला किया है। इस 5-सीटर प्रीमियम एसयूवी को कंपनी ने पिछले साल अप्रैल में ही भारत में लॉन्च किया था। भारत में यह कार पूरी तरह से निर्मित यानी सीबीयू (Completely Built Unit) रूट के जरिए आती थी। हालांकि कंपनी ने इस मॉडल को डिस्कंटीन्यू करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन इस एसयूवी को फॉक्सवैगन इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट से पूरी तरह हटा लिया गया है।
क्या थी कीमत और क्यों लिया गया फैसला?
फॉक्सवैगन टिगुआन आर-लाइन भारतीय बाजार में 47.11 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर बेची जा रही थी। जानकारों के अनुसार, इसी प्राइस सेगमेंट में कंपनी की टेरॉन आर-लाइन (Volkswagen Tayron R-Line) भी उपलब्ध है, जो थ्री-रो (7-सीटर) सिटिंग के साथ आती है और भारतीय ग्राहकों के लिए ज्यादा प्रैक्टिकल विकल्प मानी जाती है। टेरॉन आर-लाइन भारत में सीकेडी (CKD) रूट के तहत स्थानीय रूप से असेंबल की जाती है और इसकी कीमत 47.74 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
कार के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
टिगुआन आर-लाइन में वही दमदार 2.0-लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता था, जो 201 एचपी की पावर और 320 एनएम का टॉर्क जनरेट करता था। इसके साथ 7-स्पीड डीएसजी ट्रांसमिशन और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम स्टैंडर्ड मिलता था। कार में पैनोरमिक सनरूफ, 9 एयरबैग, लेवल-2 ADAS और बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स दिए गए थे। इस मॉडल के बंद होने के बाद अब फॉक्सवैगन के भारतीय पोर्टफोलियो में मुख्य रूप से टाइगुन और टेरॉन एसयूवी ही विकल्प के रूप में उपलब्ध रहेंगी।
