ASP Suresha Choubey Korea : कोरिया: जिले की नवनियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने सोमवार को कोतवाली थाना परिसर में आयोजित अपनी पहली पत्रकार वार्ता में जिले की कानून-व्यवस्था का रोडमैप पेश किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोरिया जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने यातायात नियमों को तोड़ने वाले स्टंटबाजों और नाबालिग वाहन चालकों को भी कड़ा अल्टीमेटम दिया है।
बेटियों की सुरक्षा के लिए ‘विशेष कवच’
एएसपी सुरेशा चौबे ने कहा कि स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। स्कूल के समय में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा ताकि छात्राएं बेखौफ होकर घर से निकल सकें। उन्होंने संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर नियमित पुलिस गश्त (Patrolling) बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
स्टंटबाजों और नाबालिगों पर नकेल
जिले की सड़कों पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ अब पुलिस सख्ती बरतेगी। एएसपी ने कहा कि बायपास सड़कों पर लगातार गश्त की जाएगी और पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अपराध नियंत्रण के लिए ‘मुसाफिरनामा’ अनिवार्य
पत्रकारों के सुझाव पर एएसपी ने जिले में ‘मुसाफिरनामा’ को लेकर विशेष अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों का रिकॉर्ड रखना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जरूरी है। इससे संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने भी कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। अंत में एएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करते हुए जिले में ‘कानून का राज’ स्थापित करेगी।













