MP News : रीवा। स्वास्थ्य महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाला अन्नपूर्णा ड्रग हाउस के संचालक का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। इस मामले में अब संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन ने भी संज्ञान लिया है और वीडियो में नाम सामने आने के बाद एक चिकित्सक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
वीडियो में उजागर हुई कमीशनबाजी
वायरल वीडियो में मेडिकल स्टोर संचालक यह साफ तौर पर कहते हुए दिखाई दे रहा था कि संजय गांधी अस्पताल के चिकित्सकों और मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच मरीजों की जान से खिलवाड़ करते हुए बड़े पैमाने पर कमीशनबाजी का खेल खेला जा रहा है।
MP News : इस दौरान वायरल वीडियो में मेडिकल स्टोर संचालक ने संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉक्टर अखिलेश तिवारी का नाम भी बड़े भ्रष्टाचारियों के रूप में उजागर किया था।
चिकित्सक का नाम सामने आने के बाद, संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
MP News : डॉ. राहुल मिश्रा, अस्पताल अधीक्षक, संजय गांधी अस्पताल रीवा ने बताया कि स्पष्टीकरण देने के लिए डॉक्टर अखिलेश तिवारी को एक दिन की अवधि दी गई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि नियत अवधि के अंदर स्पष्टीकरण प्राप्त न होने या संतोषप्रद स्पष्टीकरण न होने की दशा में चिकित्सक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला संजय गांधी अस्पताल में चल रहे कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिस पर अस्पताल प्रबंधन ने अब सख्त रुख अपना लिया है।











