Ambikapur News: अंबिकापुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत कार्यक्रम के बाद शहर में स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने चारपहिया वाहनों से स्टंट करने के मामले में आठ लग्जरी वाहन जब्त किए हैं, जिनमें तीन इनोवा, चार स्कॉर्पियो और एक अर्टिगा शामिल है।
Ambikapur News: इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। स्टंटबाजी में शामिल अन्य वाहनों की तलाश जारी है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
Ambikapur News: घटना 23 जनवरी की शाम की बताई जा रही है, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने अंबिकापुर पहुंचे थे। उनके स्वागत में शहर के अलग-अलग इलाकों से आए 15 से अधिक चारपहिया वाहनों का काफिला गांधी चौक पहुंचा था।
Ambikapur News: स्वागत कार्यक्रम के बाद युवक गांधी चौक, आकाशवाणी चौक, चोपड़ापारा, चौपाटी और नगर निगम कार्यालय क्षेत्र से होते हुए स्टंट करते हुए निकले। इस दौरान वाहन चालकों ने खिड़कियों से बाहर लटककर शोर-शराबा किया और मोबाइल से रील भी बनाई। स्थानीय लोगों ने इन गतिविधियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए और पुलिस को सूचना दी।
Ambikapur News: वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर वाहनों की पहचान कर आठ गाड़ियां जब्त की गई हैं। कुछ अन्य वाहनों की तलाश अभी जारी है। प्रकरण में वाहन चालकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 125, 281, 285, 3(5) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
Ambikapur News: पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि सड़क पर स्टंट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













