NHM Chhattisgarh : रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के हजारों कर्मचारियों के बीच अपने वेतन और एरियर्स को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। एनएचएम कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि राज्य स्तर से जिलों को बजट आवंटित हुए 15 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कर्मचारियों को न तो पिछला वेतन मिला है और न ही 1 जुलाई 2023 से स्वीकृत 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि (एरियर्स) की राशि प्राप्त हुई है।
NHM Chhattisgarh : वेतन भुगतान में हो रहे अत्यधिक विलंब के कारण स्वास्थ्य कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कड़ाके की ठंड के इस मौसम में कर्मचारियों को मकान किराया, बच्चों की स्कूल फीस, जरूरी दवाइयां और घरेलू सामग्री जुटाने में भारी कठिनाई हो रही है। इसके अतिरिक्त, बैंक ऋण की किस्तों का समय पर भुगतान न हो पाने से उन पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ भी बढ़ रहा है।
NHM Chhattisgarh : एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि राज्य शासन द्वारा करीब 15 दिन पहले ही सभी जिलों को बजट जारी कर दिया गया था। बावजूद इसके, कुछ गिने-चुने जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में अब तक राशि वितरित नहीं की गई है। उन्होंने इसके पीछे प्रशासनिक और तकनीकी अव्यवस्थाओं को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में इस देरी को लेकर गंभीर आक्रोश और असंतोष व्याप्त है।
NHM Chhattisgarh : संघ के अनुसार, इस बार वेतन और एरियर्स का भुगतान ‘SNA-स्पर्श’ नामक नई प्रणाली के माध्यम से सीधे कोषालय (ट्रेजरी) द्वारा कर्मचारियों के खातों में किया जाना है। लेकिन इस नई व्यवस्था ने जटिलता बढ़ा दी है। कई जिलों में अभी भी तकनीकी समस्याएँ बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर लेखा शाखा के कर्मचारियों को इस प्रणाली के संचालन हेतु आवश्यक प्रशिक्षण ही नहीं दिया गया है।
NHM Chhattisgarh : प्रशासनिक स्तर पर तालमेल की कमी और तकनीकी तैयारी न होने का सीधा खामियाजा उन जमीनी स्वास्थ्य कर्मियों को भुगतना पड़ रहा है, जो दिन-रात स्वास्थ्य सेवाओं में जुटे रहते हैं। एनएचएम कर्मचारी संघ ने अब प्रदेश सरकार और वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि सभी जिलों में लंबित वेतन और एरियर्स का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित हो सके।














