Bhopal News: शासकीय कॉलेजों की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ अभाविप का ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’, भोपाल में सैकड़ों छात्रों ने किया प्रदर्शन

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com]  Bhopal News: भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अधोसंरचना से जुड़ी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने प्रदेशव्यापी ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया तथा जिला कलेक्टरों के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कॉलेजों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।इसी क्रम में भोपाल में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का उठाया मुद्दा

अभाविप का कहना है कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को अभी भी जरूरी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करनी पड़ रही है। संगठन ने स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त और साफ शौचालय, व्यवस्थित कक्षाएं, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए।

MP News: शक्कर के बढ़ते दाम पर कैलाश विजयवर्गीय का बयान, बोले- ‘मैं चाहता हूं चीनी और महंगी हो’

इसके अलावा पुस्तकालयों में पर्याप्त पठन सामग्री, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं में जरूरी उपकरण, खेल सुविधाएं, इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाओं को भी मजबूत करने की मांग की गई है।

कलेक्टर के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

अभाविप कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर प्रदर्शन के बाद कलेक्टरों के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का तत्काल सर्वे कराने की मांग की गई है।संगठन ने कहा कि जिन कॉलेजों में सुविधाओं की कमी पाई जाती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य शुरू किए जाएं। जिन कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाए।

बाउंड्रीवॉल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल

अभाविप के मध्यभारत प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालय जर्जर अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कॉलेज परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।उन्होंने दावा किया कि कई महाविद्यालयों में बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त है या मौजूद नहीं है, जिसके कारण परिसरों में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने भोपाल के एमवीएम कॉलेज में अभाविप द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान शराब की बोतलें मिलने का भी उल्लेख किया।

करियर गाइडेंस सेल और कैंटीन की स्थिति पर उठाए सवाल

केतन चतुर्वेदी ने कहा कि कई कॉलेजों में विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कैंटीन, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं की स्थिति में सुधार की जरूरत बताई।उनके अनुसार, कई शासकीय महाविद्यालयों में कंप्यूटर और विज्ञान प्रयोगशालाओं में पर्याप्त संसाधन और उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। विद्यार्थी सहायता केंद्र सक्रिय नहीं होने के कारण छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भी परेशान होना पड़ता है।

MP News: भिंड में जमीन नामांतरण के बदले रिश्वत का आरोप, 5 हजार लेते पटवारी को लोकायुक्त ने पकड़ा

‘सुविधाएं नहीं, विद्यार्थियों के भविष्य का सवाल’

अभाविप की भोपाल महानगर मंत्री आरती ठाकुर ने कहा कि यह मुद्दा केवल कॉलेजों की सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्वच्छ पानी, बेहतर शौचालय, छात्राओं और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, बेहतर कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं और सुरक्षा को विद्यार्थियों का अधिकार बताया।उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक अभाविप अपनी आवाज और संघर्ष जारी रखेगी।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान

अभाविप ने स्पष्ट किया कि ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ की शुरुआत प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के साथ की गई है। संगठन के अनुसार आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक और आंदोलनात्मक माध्यमों से शासकीय महाविद्यालयों की समस्याओं को उठाया जाएगा।अभाविप ने सरकार से सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई कर प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *