Jabalpur Bargi Nagar News : बरगी नगर (जबलपुर) | 28 मार्च 2026 जबलपुर जिले के बरगी नगर क्षेत्र में एक मजदूर की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सिंचाई विभाग के पुराने भवन की दीवार गिरने से हुई धनीराम झारिया की मौत के मामले में अब तक कोई ठोस पुलिसिया कार्रवाई न होने से परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है और प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है।
क्या है पूरा मामला? घटना बीते 22 मार्च की है, जब बरगी नगर स्थित सिंचाई विभाग के एक पुराने और जर्जर भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई थी। मलबे के नीचे दबने से मजदूर धनीराम झारिया की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी मुन्नी बाई के अनुसार, धनीराम रोजाना सिंचाई विभाग के कर्मचारी नरहर पटेल के ट्रैक्टर से मजदूरी करने जाता था। घटना वाले दिन भी वह दीवार तोड़ने का जोखिम भरा कार्य कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। परिजनों का सीधा आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण धनीराम की जान गई है।
संजय यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी शनिवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव पीड़ित परिवार से मिलने ग्राम मनखेड़ी पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। यादव ने कहा कि एक गरीब मजदूर की जान चली गई, लेकिन पुलिस अब तक एफआईआर (FIR) दर्ज करने में कतरा रही है। उन्होंने आरोपी नरहर पटेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
संजय यादव ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर मामला दर्ज नहीं किया गया, तो वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बरगी नगर थाने का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर प्रशासन तक हर स्तर पर संघर्ष करेगी।











