Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Stunt Viral Reel : इंदौर में स्टंटबाजी का नशा उतरा: कार...

Indore Stunt Viral Reel : इंदौर में स्टंटबाजी का नशा उतरा: कार के गेट पर लटककर रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने वसूला जुर्माना; युवक ने कान पकड़कर मांगी माफी

Indore Stunt Viral Reel : इन्दौर। स्वच्छता में नंबर वन शहर इंदौर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वाहवाही बटोरने की कोशिश करने वाले एक युवक पर पुलिस का डंडा चला है। पिछले कुछ दिनों से शहर के विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक सफेद रंग की कार के दरवाजे पर लटककर एक युवक जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा था। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना रावजी बाजार पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे थाने तलब किया और कड़ी कार्रवाई की।

पुलिस प्रवक्ता राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल रील में युवक कार के गेट से बाहर निकलकर हवा में करतब दिखा रहा था, जिससे न केवल उसकी जान को खतरा था बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी यह जानलेवा साबित हो सकता था। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन की विभिन्न धाराओं के तहत युवक पर 3000 रुपये से अधिक का जुर्माना ठोंका है।

थाने पहुँचने के बाद युवक के तेवर ढीले पड़ गए। उसने कैमरे के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने उसे सख्त हिदायत दी कि भविष्य में यदि दोबारा इस तरह का कृत्य किया गया, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इंदौर पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए संदेश दिया है कि सड़कों पर रील बनाने के नाम पर कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इंदौर क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस अब सोशल मीडिया पर पैनी नजर रख रही है ताकि रील के चक्कर में सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को सबक सिखाया जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here