Thursday, August 20, 2026
Home Tech Rewa E-Scooter Fire : रीवा ब्रेकिंग: चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी बनी ‘आग...

Rewa E-Scooter Fire : रीवा ब्रेकिंग: चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी बनी ‘आग का गोला’; बैकुंठपुर में ऑटो पार्ट्स की दुकान जलकर खाक, मची अफरा-तफरी

Rewa E-Scooter Fire : रीवा (विकास बघेल)। इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान हुई हृदयविदारक घटना का जख्म अभी भरा भी नहीं था कि रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से वैसी ही एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ रिपेयरिंग के लिए आई एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी को चार्ज करते समय अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है।

एक चिंगारी और सब कुछ हो गया स्वाहा

घटना जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर बैकुंठपुर कस्बे की है। बताया जा रहा है कि एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी रिपेयरिंग के लिए दुकान पर आई थी। उसे चार्जिंग पर लगाया गया था, तभी शॉर्ट सर्किट या बैटरी ब्लास्ट के कारण आग भड़क उठी।

  • विकराल रूप: दुकान में टायर, ऑयल और अन्य ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स होने के कारण आग ने तेजी पकड़ी और पूरी दुकान धू-धू कर जलने लगी।

  • जनहानि टली: गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, दुकान के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

बाजार के लोगों ने ट्यूबवेल से बुझाई आग

आगजनी की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई। बाजार के व्यापारियों ने अपने-अपने ट्यूबवेल चालू किए और पानी की तेज बौछारों के माध्यम से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी जद में आ सकती थीं।

लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में ऑटोमोबाइल शॉप का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सटीक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही राजस्व विभाग के माध्यम से नुकसानी का आकलन भी किया जा रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here