निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटेल चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रतीकात्मक अर्थी लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध जताने के लिए अर्थी लेकर पहुंचे।कार्यकर्ताओं ने चौक पर बैठकर धरना दिया और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
गैस महंगी होने से बढ़ी परेशानी
कांग्रेस नेत्री प्रेमलता पोषण साहू ने कहा कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
Read More : छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 9वां दिन, सदन में गूंजेंगे जर्जर सड़क और किसान मुद्दे
1000 रुपए के करीब पहुंची कीमत
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले जो घरेलू गैस सिलेंडर लगभग 925 रुपए में मिलता था, अब उसकी कीमत करीब 1000 रुपए तक पहुंच गई है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं, तो लोगों को फिर से लकड़ी और चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि देश की आम जनता महंगाई की मार झेल रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।











