डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में धुआं भरने से मची अफरा-तफरी

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर को शनिवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को तत्काल लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा।

उड़ान के दौरान केबिन में भर गया धुआं

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर के डिस्प्ले सिस्टम में अचानक खराबी आ गई और केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

हालांकि राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सुरक्षाकर्मी और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई।

Read More : M.P News : इंदौर में टूर पैकेज के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा! क्राइम ब्रांच ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांच में जुटी तकनीकी टीम

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतरते ही तकनीकी टीम ने उसे घेर लिया और खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी।फिलहाल विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि उड़ान के दौरान डिस्प्ले सिस्टम फेल होने और धुआं भरने की वजह क्या थी।

सड़क मार्ग से कौशांबी रवाना हुए डिप्टी सीएम

आज उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को कौशांबी जिले के दौरे पर जाना था। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी समस्या के कारण उन्होंने अब सड़क मार्ग से कौशांबी के लिए रवाना होने का निर्णय लिया।

वह वहां बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान, सयारा में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देना और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना है।

बड़ा हादसा टलने से राहत

हेलीकॉप्टर में धुआं भरने की घटना के बावजूद समय रहते की गई इमरजेंसी लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही खराबी के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *