CG NEWS: बड़े बचेली में हेलीपेड निर्माण को लेकर तनाव चरम पर, सरपंच सहित जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS: फकरे आलम खान/बचेली : बचेली – जिले के ग्राम पंचायत बड़े बचेली में प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हाई स्कूल के खेल मैदान में कंक्रीट हेलीपेड बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। सरपंच गोविंद कुंजाम, उपसरपंच महेश ठाकुर और अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में सोमवार को तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

CG NEWS: ज्ञापन में मुख्य मांग की गई है कि खेल मैदान में चल रहे हेलीपेड निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए और मैदान को पहले की तरह मिट्टी से पाटकर बहाल किया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा की अनुमति और बिना किसी पूर्व चर्चा के यह कार्य शुरू किया गया, जो पूरी तरह मनमानी है। उनका कहना है कि गांव का एकमात्र बड़ा खेल मैदान, जहां बच्चे खेलते हैं और भविष्य में मिनी स्टेडियम बनाने की योजना थी, उसे कंक्रीट से ढकना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

सरपंच गोविंद कुंजाम ने कहा, “हेलीपेड की जरूरत हो तो सरकारी जमीन पर कहीं और बनाई जा सकती है, लेकिन खेल मैदान के बीचों-बीच कंक्रीट का ढांचा खड़ा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैदान के आसपास निजी भूमि भी है, फिर भी बिना सहमति के काम शुरू कर दिया गया।”
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता और निर्माण नहीं रोका जाता, तो सरपंच सहित सभी वार्ड पंच और जनप्रतिनिधि सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।

यह विवाद पिछले कुछ दिनों से चल रहा है, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने मैदान पर जमा होकर निर्माण का विरोध किया और काम रुकवा दिया। प्रशासन पर आरोप है कि अन्य विकास कार्य सड़क,पानी, बिजली,भवन आदि जैसे मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है ना कि हेलीपेड की । एयरपोर्ट या अन्य बड़े प्रोजेक्ट के प्रस्ताव को भी ग्रामीणों ने खारिज कर दिया है ।

स्थानीय लोग विकास का विरोध नहीं कर रहे, बल्कि पारदर्शिता, ग्रामसभा की सहमति और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो यह मामला बड़े आंदोलन में बदल सकता है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *