Raigarh Road Accident Fire : घरघोड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा; टकराने के बाद आग का गोला बने हाइवा और ट्रेलर, दो ड्राइवरों की जिंदा जलकर मौत

VIKASH KHALKHO

Raigarh Road Accident Fire : रायगढ़ (01 मार्च 2026): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास एक तेज रफ्तार हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए और देखते ही देखते इंजन से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया।

केबिन में फंसने से नहीं मिला बचाव का मौका प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने केबिन में ही फंस गए थे। केबिन के दरवाजे जाम होने और शरीर के फंस जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। इस बीच गाड़ियों में लगी आग ने केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी उनकी मदद करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू हादसे की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव पुलिस बल और दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक तीन दमकल वाहनों को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने एक ड्राइवर की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है, जबकि दूसरे चालक के अवशेषों को निकालने के लिए कटर और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है।

मार्ग हुआ पूरी तरह बाधित इस भीषण दुर्घटना के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रकों और अन्य वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। पुलिस प्रशासन अब क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कोशिश कर रहा है ताकि यातायात बहाल किया जा सके। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *