Saturday, August 22, 2026
Home Madhya Pradesh Niwadi News Today : निवाड़ी: पृथ्वीपुर में उधारी के पैसे मांगने पर...

Niwadi News Today : निवाड़ी: पृथ्वीपुर में उधारी के पैसे मांगने पर दुकानदार की पिटाई; मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Niwadi News Today : पृथ्वीपुर/निवाड़ी : मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक दुकानदार के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना पृथ्वीपुर बस स्टैंड स्थित एक चाय और सिगरेट की दुकान की है, जहां उधारी के पुराने पैसे मांगने पर एक युवक इतना आगबबूला हो गया कि उसने दुकानदार पर हमला कर दिया।

सिगरेट पीते हुए किया हमला

जानकारी के अनुसार, आशिक यादव जो कि बस स्टैंड पर चाय, गुटका और सिगरेट की दुकान चलाते हैं, उनके पास कल शाम आरोपी ध्रुव परमार अपने दो साथियों के साथ पहुँचा। ध्रुव दुकान पर बैठकर सिगरेट पीने लगा। इसी दौरान दुकानदार आशिक ने उससे पुरानी उधारी के पैसे वापस करने की बात कही। पैसे मांगते ही ध्रुव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया और उसने आव देखा न ताव, दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

CCTV में कैद हुई दबंगई

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक किस तरह दुकानदार पर टूट पड़ता है। हालांकि, ध्रुव के साथ आए एक अन्य युवक ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में रोष व्याप्त है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित दुकानदार आशिक यादव की शिकायत पर पृथ्वीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपी ध्रुव परमार के खिलाफ मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

बाइट (Byte) 01: आशिक यादव, पीड़ित दुकानदार

“वह (ध्रुव) सिगरेट पीने आया था। मैंने बस इतना कहा कि भाई पुराने पैसे दे दो, बहुत दिन हो गए हैं। इतना सुनते ही वह गाली-गलौज करने लगा और सीधे मुझ पर हमला कर दिया। हम गरीब दुकानदार अगर अपना पैसा भी न मांगें तो दुकान कैसे चलाएंगे?”

बाइट (Byte) 02: जितेन्द्र सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी पृथ्वीपुर

“मामला हमारे संज्ञान में आया है और पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज हमारे पास है, जिसमें आरोपी मारपीट करते दिख रहा है। आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस की टीमें उसे पकड़ने के लिए जुटी हुई हैं।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here