Bilaspur Police Suspension News : गांजा तस्कर को रिश्वत लेकर छोड़ने पर एसएसपी का एक्शन; हवलदार और आरक्षक सस्पेंड, टीआई को नोटिस

0
133

Bilaspur Police Suspension News : बिलासपुर (16 फरवरी 2026): जिले के कोटा थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार और कर्तव्य के प्रति लापरवाही का एक गंभीर मामला उजागर हुआ है। एसएसपी रजनेश सिंह ने गांजा तस्करी से जुड़े एक संदिग्ध को अवैध रूप से छोड़ने के आरोप में प्रधान आरक्षक प्रकाश दुबे और आरक्षक सोमेश्वर साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

रिश्वत के लिए नाबालिग का सहारा

घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार शाम कोटा पुलिस ने रानीसागर क्षेत्र में दबिश दी थी। इस दौरान टीम ने एक नाबालिग को पकड़ा, जिसके पिता पर गांव में गांजा बेचने का आरोप है। पुलिस टीम नाबालिग को पूछताछ के लिए थाने ले आई। आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने नाबालिग को छोड़ने के एवज में उसके परिजनों से 2 लाख रुपये की डिमांड की।

जूता दुकान में तय हुआ सौदा

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी ‘डील’ कोटा के मुख्य चौक स्थित एक जूता दुकान में हुई। काफी सौदेबाजी के बाद मामला 80 हजार रुपये में तय हुआ। बताया जा रहा है कि नाबालिग के परिजनों ने गांव में ब्याज पर पैसे लेकर पुलिसकर्मियों को सौंपे, जिसके बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया।

एसएसपी की गाज और टीआई से जवाब-तलब

मामले की शिकायत एसएसपी तक पहुँचने के बाद उन्होंने प्रारंभिक जांच कराई। आरोपों की पुष्टि होने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने दोनों जवानों को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। इसके साथ ही, थाने के भीतर हुए इस भ्रष्टाचार और पर्यवेक्षण में लापरवाही के चलते कोटा टीआई नरेश चौहान को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि विभाग में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार और अपराधियों से सांठगांठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में अन्य तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया जा सकता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here