Monday, August 17, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Police Operation Muskan : रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल: झांसी...

Raigarh Police Operation Muskan : रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल: झांसी से बरामद हुई लापता नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार

Raigarh Police Operation Muskan : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़ (13 फरवरी 2026): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक संवेदनशील मामले को सुलझा लिया है। 29 जनवरी से लापता एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नवाबाद (झांसी) से बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी गोविंद ओगरे को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कूल जाने के नाम पर निकली थी बालिका

मामला 29 जनवरी का है, जब घरघोड़ा क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली और वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य जुटाए, तो बालिका के उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में होने की लोकेशन मिली।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गोविंद ओगरे (27 वर्ष) की पहचान बालिका से मई 2025 में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों इंस्टाग्राम पर बातचीत करने लगे। आरोपी ने बालिका को प्रेम जाल में फंसाया और 29 जनवरी को शादी का झांसा देकर अपनी स्विफ्ट कार से उसे झांसी ले गया। बालिका के बयान के अनुसार, आरोपी ने वहां उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

एसएसपी के निर्देश पर तत्काल एक टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई, जिसने झांसी पुलिस के सहयोग से नवाबाद क्षेत्र में दबिश देकर बालिका को सुरक्षित छुड़ाया। पुलिस ने आरोपी के पास से:

  • घटना में प्रयुक्त सफेद मारुति स्विफ्ट कार (CG-13-AY-8596)

  • एक वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किया है।

चिकित्सीय परीक्षण और बालिका के बयानों के आधार पर मामले में धारा 87, 64(1) BNS और 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई है। आरोपी गोविंद ओगरे को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी का अभिभावकों को संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए कहा— “परिजनों को अपने बच्चों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए। सोशल मीडिया पर होने वाली अपरिचित दोस्ती पर निगरानी रखना आवश्यक है। रायगढ़ पुलिस महिला एवं बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here