रीवा: जिले में शादी-विवाह के मौसम के साथ ही एक बार फिर कथित ‘नमस्ते गैंग’ सक्रिय हो गया है। चार पहिया वाहनों में घूमने वाले शातिर बदमाश भोले-भाले लोगों को अभिवादन कर भरोसे में लेते हैं, लिफ्ट देते हैं और मौका पाकर उनकी जेब साफ कर देते हैं। ताजा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां कार सवार आरोपियों ने एक अधेड़ व्यक्ति से 50 हजार रुपये पार कर दिए।
निर्माण सामग्री लेने निकले थे पीड़ित
मिली जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर कस्बे के रहने वाले भागवत सिंह घर निर्माण के लिए बिल्डिंग मटेरियल खरीदने निकले थे। उनके पास नकद 50 हजार रुपये थे। क्योटी रोड पर पैदल जाते समय कार सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और अभिवादन करते हुए बातचीत शुरू कर दी।
‘चाचा नमस्ते’ कहकर बनाया भरोसा
आरोपियों ने शादी तय होने की बात कहकर पीड़ित को पूरे परिवार सहित आने का निमंत्रण दिया और फिर लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया। कार के भीतर बदमाशों ने बातचीत में उलझाए रखा, जबकि एक आरोपी पीड़ित के बिल्कुल पास सटकर बैठा रहा।
Read More : M.P Crime : भोपाल सूटकेस कांड का खुलासा! पति ने ही की तीसरी पत्नी की हत्या
100 मीटर बाद खुला जेबकतरी का राज
कुछ दूरी पर उतारने के बाद जब पीड़ित ने जेब देखी तो नकदी गायब थी। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
स्थानीय लोगों के अनुसार कस्बे में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बदमाश लग्जरी वाहनों में घूमकर लोगों को लिफ्ट देते हैं और चालाकी से नकदी-सामान चोरी कर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनजान लोगों की गाड़ी में न बैठने की अपील की है।











