Banjara Samaj Kondagaon : कोंडागांव (09 फरवरी 2026): अखिल भारतीय बंजारा सेवा संघ की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कोंडागांव स्थित सामाजिक भवन में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से समाज के धर्मगुरु संत श्री सेवालाल महाराज की आगामी जयंती के भव्य आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
महाशिवरात्रि के कारण तिथि में बदलाव
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष संत सेवालाल जयंती का जिला स्तरीय समारोह 14 फरवरी (शनिवार) को जिला मुख्यालय के चौपाटी मैदान में आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि कोंडागांव जिले में बंजारा समाज प्रतिवर्ष 15 फरवरी को जयंती मनाता है, लेकिन इस वर्ष 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व होने के कारण जयंती समारोह एक दिन पूर्व मनाने का निर्णय लिया गया है।
समाज की एकजुटता पर जोर
बंजारा समाज के जिलाध्यक्ष सुखिया राम चौहान ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली आयोजन में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करता है।
बैठक में मौजूद रहे प्रमुख पदाधिकारी
समाजिक बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष सुखिया राम चौहान के साथ सचिव भुनेश्वर राठौर, उपाध्यक्ष सूरज नायक और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ललिता भारद्वाज ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर मोहन भारद्वाज, हीरा राठौर, अरुण पम्हार, चरण भारद्वाज, भुनेश्वर भारद्वाज, धनेश पम्हार, महेश नायक, पांचिया चौहान, तिजू पम्हार, मदन राठौर, उत्तम भारद्वाज, सीलुराम राठौर और हेमराज भारद्वाज सहित जिला कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के युवाओं और महिला विंग को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चौपाटी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा और लोक नृत्यों की झलक भी देखने को मिलेगी।













