Go Vigyan Examination Gharghoda : घरघोड़ा में गौ सेवा संगम का आयोजन; गौ विज्ञान परीक्षा के साथ छात्र-छात्राओं को सिखाए गए गौ संवर्धन के गुर

VIKASH KHALKHO

Go Vigyan Examination Gharghoda : घरघोड़ा (रायगढ़)। गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘गौ सेवा संगम’ कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को घरघोड़ा में जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा और कार्यशाला का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और विज्ञान का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा गौ माता की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी रायगढ़ के जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान और मुख्य वक्ता के रूप में प्रांतीय संयोजक अन्ना सपारे उपस्थित रहे। अन्ना सपारे ने अपने संबोधन में गौ माता को भारतीय संस्कृति की धुरी बताते हुए उन्हें विज्ञान के रूप में निरूपित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और पालकों से खेतों व वाटिकाओं में जैविक खाद को प्राथमिकता देने की अपील की और वितरित किए गए गौ विज्ञान ग्रंथों को पढ़ने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि अरुणधर दीवान ने कहा कि गौ माता केवल श्रद्धा का विषय नहीं हैं, बल्कि उनसे प्राप्त होने वाले अवयव (पंचगव्य) पूरी तरह वैज्ञानिक हैं। उन्होंने गौ धामों के महत्व और उनके सामाजिक लाभ की जानकारी दी। जिला संयोजक मनबोध बेहरा और विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों और ब्लॉक में चलाए गए पंजीयन अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। इस दौरान गौ माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए हवन और जाप भी किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों सहित सैकड़ों लोगों ने आहुति प्रदान की।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में परीक्षा प्रभारी विजय पंडा और संदीप पांडेय के नेतृत्व में गौ विज्ञान परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गई। इसमें नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को गौ माता के प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित जनों को स्वल्पाहार और खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। इस सफल आयोजन में राजीव दुबे, ललित यादव, बसंत यादव सहित शिक्षा विभाग के कई पर्यवेक्षक शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *