Monday, September 28, 2026
Home Madhya Pradesh नरसिंहपुर पुलिस ने ‘1 रुपए’ की औकात वाले शराब माफिया को पकड़ा,...

नरसिंहपुर पुलिस ने ‘1 रुपए’ की औकात वाले शराब माफिया को पकड़ा, फरार आरोपी ने शर्मिंदा हो किया सरेंडर

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से फरार चल रहे शराब माफिया धनराज लोधी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। खास बात यह रही कि पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर केवल 1 रुपये का इनाम घोषित किया था और यही अनोखी रणनीति आरोपी पर भारी पड़ गई।

अवैध शराब के साथ जुड़ा था मामला

जानकारी के मुताबिक 8 जनवरी 2026 को करेली थाना पुलिस ने एक थार वाहन से 44 पेटी अवैध शराब जब्त की थी। मौके से सुरेंद्र लोधी और सलीम खान को गिरफ्तार किया गया था। जांच में धनराज लोधी की संलिप्तता सामने आने पर तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की भनक लगते ही धनराज फरार हो गया और लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

Read More : शाजापुर : ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की कोशिश नाकाम, वाहन छोड़कर फरार हुए चोर

पोस्टर और 1 रुपये इनाम से बना मानसिक दबाव

आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने अनोखा कदम उठाते हुए उस पर 1 रुपये नकद इनाम घोषित किया। इसके साथ ही गांव-गांव, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर आरोपी के पोस्टर चस्पा किए गए तथा सोशल मीडिया पर भी उसकी तलाश की सूचना प्रसारित की गई। इस मनोवैज्ञानिक दबाव का असर जल्द ही देखने को मिला।

खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

लगातार बढ़ते दबाव और बदनामी के डर से घबराकर धनराज लोधी ने बुधवार देर रात स्वयं पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की रणनीति की हो रही सराहना

स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस नई रणनीति की व्यापक सराहना हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।

यह कार्रवाई दर्शाती है कि अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई के साथ मनोवैज्ञानिक दबाव भी प्रभावी हथियार साबित हो सकता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here