UP में चाइनीज मांझे पर योगी सरकार ने लगाया बैन, मौत होने पर चलेगा मर्डर का मुकदमा

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  उत्तर प्रदेश में खतरनाक चाइनीज़ मांझे के इस्तेमाल पर सरकार ने पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेश में इसके निर्माण, बिक्री और उपयोग—तीनों पर पूरी तरह रोक रहेगी।

मौत को माना जाएगा हत्या

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि यदि चाइनीज़ मांझे के कारण किसी व्यक्ति की जान जाती है तो इसे साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या की श्रेणी में माना जाएगा। संबंधित व्यक्ति या नेटवर्क के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Read More : इंदौर : जमानत के बाद फिर घिरीं ट्रांसजेंडर नेता सपना गुरु, 2 साल पुराने मामले में नई FIR

पुलिस को सघन छापेमारी के निर्देश

प्रदेशभर में अवैध मांझे की बिक्री रोकने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश है कि बाजारों, गोदामों और सप्लाई चैन की पहचान कर तुरंत जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। साथ ही अभियान की नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी ताकि किसी तरह की ढिलाई न रहे।

लखनऊ हादसे ने बढ़ाई चिंता

हाल ही में लखनऊ में एक मेडिकल प्रतिनिधि की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया। अधिकारियों के अनुसार बीते एक वर्ष में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे प्रशासन पर सख्त कदम उठाने का दबाव बढ़ा।

अवैध नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी

सरकार अब केवल प्रतिबंध तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे अवैध नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति बना रही है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि दोषियों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जाए।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *