रायपुर : रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अब तेज़ी से ज़मीन पर उतरते दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को मंजूरी दी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत गोढ़ी–तोड़गांव–बड़गांव मार्ग के लगभग 9 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 2155.97 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
सड़क के साथ पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल
इस योजना के तहत केवल सड़क उन्नयन ही नहीं, बल्कि आवश्यक पुल-पुलिया निर्माण भी किया जाएगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्याओं का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीण इलाकों का संपर्क प्रमुख मार्गों और शहरी सुविधाओं से और अधिक सुदृढ़ होगा।
Read More : M.P News : हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, पतंजलि योगपीठ में किया योग, दिया स्वास्थ्य का संदेश
किसानों, विद्यार्थियों और व्यापार को मिलेगा लाभ
सड़क उन्नयन का सीधा फायदा स्थानीय किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा। किसानों के लिए मंडियों तक पहुंच आसान होगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक सुरक्षित आवागमन मिलेगा और क्षेत्रीय व्यापार को नई गति मिलने की संभावना है। इस परियोजना को आरंग के सामाजिक-आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
मंत्री ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
आगे भी मिलेंगी विकास योजनाओं की सौगातें
मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आरंग विधानसभा क्षेत्र को सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़ी कई नई परियोजनाओं की स्वीकृति मिलती रहेगी। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।











