Dhamtari School Van Fire : धमतरी (4 फरवरी 2026)। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालिका चौक, सिहावा रोड पर बुधवार दोपहर एक स्कूली वैन आग का गोला बन गई। आकृति प्ले स्कूल की इस वैन में छुट्टी के बाद 6 से 7 छोटे बच्चे सवार होकर अपने घर जा रहे थे। सुखद संयोग यह रहा कि यह हादसा ठीक अग्निशमन कार्यालय के सामने हुआ, जिससे फायर फाइटर्स की तत्परता ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन जब सिहावा रोड से गुजर रही थी, तभी इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। धुएं का गुबार देख चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को अग्निशमन कार्यालय के सामने रोक दिया।
तत्परता से बचाई गई जान आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। वैन के भीतर मौजूद छोटे बच्चे बुरी तरह डर गए थे। चीख-पुकार सुनकर अग्निशमन विभाग के सुरक्षाकर्मी तुरंत बाहर आए और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों के सुरक्षित निकलते ही फायर कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी भी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई है।
सवालों के घेरे में स्कूल प्रबंधन इस घटना ने स्कूली वाहनों की फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-
क्या वैन में आग बुझाने के यंत्र (Fire Extinguisher) मौजूद थे?
-
क्या स्कूल प्रबंधन ने वैन की नियमित तकनीकी जांच कराई थी?
-
क्या वैन खटारा हालत में संचालित की जा रही थी?
कोतवाली पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और वैन के फिटनेस संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। यदि अग्निशमन केंद्र पास न होता, तो यह लापरवाही मासूमों की जान पर भारी पड़ सकती थी।











