Minor Boy Murder : इंदौर। शहर के एमआईजी (MIG) थाना क्षेत्र के श्रीनगर कंकड़ इलाके में एक नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम से लापता 13 वर्षीय बालक का शव पुलिस ने पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक के फ्लैट से बरामद किया है। आरोपी की पहचान रेहान के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
कोचिंग के लिए निकला था छात्र पुलिस के अनुसार, 13 साल का मासूम शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी कोचिंग क्लास जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की काफी तलाश के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो एमआईजी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला बच्चे से जुड़ा होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
रात भर पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी एमआईजी थाना इंचार्ज सी.बी. सिंह ने बताया कि जब पुलिस अपार्टमेंट बिल्डिंग में बच्चे की तलाश कर रही थी, तब आरोपी रेहान भी अन्य निवासियों की तरह अपने फ्लैट से बाहर निकल आया। वह पूरी रात पुलिस के साथ रहा और बच्चे को ढूंढने में मदद करने का दिखावा करता रहा।
स्निफर डॉग और खरोंच के निशानों ने खोला राज शनिवार सुबह जब पुलिस की टीम ‘स्निफर डॉग’ (खोजी कुत्ता) के साथ दोबारा बिल्डिंग की तलाशी लेने पहुँची, तो डॉग रेहान के फ्लैट के पास जाकर रुक गया। पुलिस को रेहान पर शक हुआ और जब गौर से देखा गया तो उसके गले पर संघर्ष और खरोंच के ताजा निशान मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर रेहान टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
हत्या की वजह: झगड़ा और नशा? प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मृतक बच्चे का रेहान के छोटे भाई से विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते रेहान ने बच्चे की हत्या कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी था और अक्सर छत पर बैठकर गांजा और सिगरेट पीता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के सटीक कारणों की गहन जांच कर रही है।











