Wednesday, October 7, 2026
Home Chhattisgarh वृद्धा आखिर क्यों दे रहीं सीएम हाउस के सामने आत्मदाह की चेतावनी….जानें...

वृद्धा आखिर क्यों दे रहीं सीएम हाउस के सामने आत्मदाह की चेतावनी….जानें पूरा मामला

पिथौरा | महासमुंद जिले के लहरौद गांव में एक 70 वर्षीय विधवा महिला ने अपने साथ हुए कथित ज़मीन हड़प की घटना को लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता प्रतिभा मसीह ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर आरोप लगाया कि गांव की ही शासकीय शिक्षिका ने उनसे धोखाधड़ी कर उनका मकान हड़प लिया है।

प्रतिभा मसीह के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2017 में लहरौद गांव के वार्ड क्रमांक 6 में स्थित एक मकान खरीदा था। बाद में आर्थिक संकट के चलते उन्होंने वर्ष 2019 में शिक्षिका गंगादेवी ध्रुव से 73 हजार रुपए उधार लिए थे। दोनों के बीच यह सहमति बनी थी कि छह महीने के भीतर राशि लौटाकर वे मकान वापस ले लेंगी।

प्रतिभा का दावा है कि जब उन्होंने तय समय से पहले ही रकम लौटानी चाही, तो शिक्षिका ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और मकान पर अपना दावा जताते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।

बुजुर्ग महिला का कहना है कि वे कई बार स्थानीय प्रशासन से मदद मांग चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 10 जून तक उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह करेंगी।

इस पूरे मामले ने प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन समय रहते इस वृद्ध महिला को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here