Barwani Water Crisis : प्यासा कैलाश नगर: तकनीकी कारणों से कटी नगर पालिका की लाइन जोड़ने की मांग, सीएमओ ने दिया आश्वासन

VIKASH KHALKHO

Barwani Water Crisis : बड़वानी। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत बड़गांव के अंतर्गत आने वाली कैलाश नगर अटल आश्रय योजना कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। भीषण ठंड के मौसम में भी पानी न मिलने से रहवासी पीने के पानी और दैनिक कार्यों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए आज बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और नगर पालिका बड़वानी से पुनः जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।

रहवासियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि पूर्व में हाउसिंग बोर्ड के कुएं से पानी की सप्लाई की जाती थी, लेकिन वह पानी दूषित और पीने योग्य नहीं था। स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए कलेक्टर के आदेश पर उस लाइन को बंद कर दिया गया था। इसके बाद ग्राम पंचायत बड़गांव ने कुएं से पानी देने की अस्थायी व्यवस्था तो की, लेकिन अब पंचायत भी नियमित जल प्रदाय करने में अपनी असमर्थता जता रही है।

कॉलोनी के रहवासी सुरेश जाधव ने बताया कि लगभग 4-5 साल पहले इस क्षेत्र में नगर पालिका बड़वानी द्वारा पानी प्रदाय किया जाता था, जिसे बाद में किन्हीं तकनीकी कारणों से बंद कर दिया गया था। अब रहवासियों की प्रमुख मांग है कि कॉलोनी को पुनः नगर पालिका की मुख्य पाइपलाइन से जोड़ा जाए ताकि उन्हें शुद्ध पेयजल मिल सके और बार-बार होने वाली इस किल्लत से निजात मिले।

इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सोनाली शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही तकनीकी टीम भेजकर वस्तुस्थिति की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित निर्णय लेकर जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, पानी की बूंद-बूंद को मोहताज कैलाश नगर के रहवासियों को प्रशासन से त्वरित राहत की उम्मीद है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *