Sansad Trophy Cricket 2026 : राजनांदगांव/खुज्जी: ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को सकारात्मकता से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित सांसद ट्रॉफी ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में ग्राम कापा के बड़गांव–चारभाठा मैदान पर इस प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उद्घाटन मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल: समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ाता है। उन्होंने जोर देकर कहा, “जो युवा मैदान में पसीना बहाता है, वह स्वतः ही नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहता है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में इस प्रतियोगिता को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा ताकि अंतिम छोर के खिलाड़ी को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।
प्रतिभाओं को मिलेगा नया मुकाम: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और किसान नेता कैलाश शर्मा ने बताया कि सांसद ट्रॉफी का मूल उद्देश्य उन ग्रामीण खिलाड़ियों को पहचान दिलाना है जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने भी युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए उन्हें खेल के माध्यम से अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी।
पहले दिन के मुकाबले: प्रतियोगिता के पहले दिन रतनभाट, चंदिया, बेलरगोंदी, अछोली, दर्री, रूढ़गांव, सुखरी एवं रामपुर की टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। मैदान में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देख दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री सौरभ कोठारी, नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।











