ऑस्ट्रेलिया टेस्ट के लिए भारतीय महिला टीम घोषित, हरमनप्रीत संभालेंगी कमान, युवा खिलाड़ियों को मिला मंच

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय महिला प्रीमियर लीग (WPL) में व्यस्त है, लेकिन टूर्नामेंट के तुरंत बाद टीम को एक बड़े विदेशी दौरे की चुनौती मिलने वाली है। WPL के समापन के बाद भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी, जहां उसे तीन टी20, तीन वनडे और एक टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए बीसीसीआई की चयन समिति ने एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही थाईलैंड में होने वाले राइजिंग स्टार महिला एशिया कप के लिए इंडिया ‘ए’ टीम की भी घोषणा की गई है।

हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई कप्तानी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। यह टेस्ट मुकाबला 6 से 9 मार्च 2026 के बीच पर्थ में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच में पिछली जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।

Read More : भारत आने से किया था इंकार! T20 World Cup से बाहर होने के बाद अब बांग्लादेश को एक और तगड़ा झटका

टेस्ट टीम में दो नए नामों की एंट्री

इस टेस्ट टीम में दो नए चेहरों को पहली बार मौका मिला है। प्रतिका रावल और वैष्णवी शर्मा को पहली बार टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया गया है। प्रतिका रावल फिलहाल चोट के कारण WPL नहीं खेल पा रही हैं, लेकिन चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि वह टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगी। प्रतिका इससे पहले भारत के लिए वर्ल्ड कप जीतने वाले अभियान का हिस्सा रह चुकी हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर हुईं जी कमलिनी

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टी20 और वनडे टीम में एक बड़ा बदलाव भी किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज जी कमलिनी को दौरे से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह उमा छेत्री को वनडे और टी20 टीम में शामिल किया गया है, जो हाल के घरेलू प्रदर्शन के कारण चयनकर्ताओं की पसंद बनीं।

भारत-ऑस्ट्रेलिया महिला टेस्ट इतिहास

भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीमों के बीच अब तक 11 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत को सिर्फ एक जीत मिली है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने चार मैच जीते हैं और सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। दोनों टीमों के बीच पिछला टेस्ट दिसंबर 2023 में खेला गया था, जिसमें भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी।

राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए इंडिया ‘ए’ टीम घोषित

चयन समिति ने थाईलैंड में टी20 फॉर्मेट में होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप के लिए इंडिया ‘ए’ टीम की भी घोषणा कर दी है। इस टीम की कप्तानी राधा यादव करेंगी। युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यह टीम चुनी गई है, हालांकि दीया यादव और ममता एम को अभी फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *