प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनी विमान तालाब में क्रैश, पायलट समेत 3 का रेस्क्यू

Rahul Goshwami

 प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को भारतीय वायु सेना (IAF) का एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान शहर के रिहायशी इलाके के पास स्थित एक तालाब में जा गिरा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दो पायलटों समेत तीनों लोग सुरक्षित बचा लिए गए और किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायुसेना का यह ट्रेनिंग विमान सामान्य रूप से उड़ान पर था, लेकिन कुछ ही देर बाद हवा में उसका संतुलन अचानक बिगड़ने लगा। पायलट स्थिति को संभाल पाते, उससे पहले ही विमान तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। खतरे को भांपते हुए विमान में सवार तीनों लोगों ने समय रहते पैराशूट के जरिए छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।

 तालाब में गिरते ही मचा हड़कंप

विमान के तालाब में गिरते ही आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। सैकड़ों स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तालाब में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही वायुसेना के जवान हेलीकॉप्टर के जरिए घटनास्थल पर पहुंचे और पैराशूट के माध्यम से तालाब में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

Read More : जबलपुर में स्मार्ट मीटर का विरोध तेज, उपभोक्ताओं और कांग्रेस ने जताई नाराज़गी

 दलदल और जलकुंभी बनी चुनौती

हादसे के बाद NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर बुला ली गईं। तालाब के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। फिलहाल विमान को बाहर निकालने में दिक्कत आ रही है, क्योंकि तालाब में भारी दलदल है और चारों तरफ जलकुंभी फैली हुई है। इसी वजह से रेस्क्यू और रिकवरी ऑपरेशन में समय लग रहा है।

जांच में जुटी वायुसेना

अभी तक वायुसेना की ओर से इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से यह दुर्घटना हुई। सेना के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *